सीधी में 32 लाख की बड़ी चोरी, नकदी-जेवरात के साथ दूध, दही और शक्कर भी ले गए चोर
सीधी | Viral Bharat
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चोरी की एक अनोखी और हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। बहरी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 30 से 32 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में रखा दूध, दही और शक्कर भी अपने साथ ले गए, जिससे पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा हो रही है।
पीड़ित महिला सरोज मिश्रा ने बताया कि घटना रविवार देर रात की है। उनके अनुसार रात करीब एक बजे के बाद चोर पानी की टंकी के रास्ते छत पर पहुंचे और सीढ़ी के सहारे घर में घुस गए। महिला का आरोप है कि चोरों ने कोई बेहोश करने वाला पदार्थ छिड़का, जिसके कारण उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
पीड़िता के मुताबिक चोर उनके सिरहाने रखी चाबी लेकर अलमारियों और कमरों के ताले खोलते रहे। इसके बाद सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारियां खुली हुई थीं।
परिजनों ने बताया कि चोर सिर्फ कीमती सामान ही नहीं ले गए, बल्कि रसोई में रखा दूध, दही और शक्कर भी साथ उठा ले गए। रसोई का सामान इधर-उधर बिखरा मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर घर में काफी देर तक मौजूद रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Post a Comment