सिंगरौली में सुरक्षा नियमों की अनदेखी? दुधिचुआ परियोजना में बिना हेलमेट-पहने मजदूरों से कराया जा रहा खतरनाक काम
सिंगरौली | वायरल भारत
सिंगरौली स्थित एनसीएल की दुधिचुआ परियोजना में श्रमिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में मजदूर बिना हेलमेट, सुरक्षा जूते, दस्ताने और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के खतरनाक परिस्थितियों में काम करते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले ने स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों की चिंता बढ़ा दी है।
तस्वीरों में एक मजदूर बड़े पत्थरों और जलाशय के किनारे भारी हथौड़े से कार्य करता नजर आ रहा है। आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा श्रमिकों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर जोखिम भरा काम कराया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार निर्माण और खनन कार्यों में लगे कर्मचारियों को हेलमेट, सुरक्षा जूते, दस्ताने और रिफ्लेक्टिव जैकेट जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
इन नियमों का उल्लंघन श्रमिकों की जान को खतरे में डाल सकता है। मामले के सामने आने के बाद लोगों ने जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एनसीएल प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Post a Comment