देश के टॉप-10 जिलों में शामिल हुआ सीधी! पीएम धन-धान्य कृषि योजना में मिली बड़ी सफलता
सीधी | Viral Bharat
मध्य प्रदेश का सीधी जिला अब कृषि नवाचार और किसान समृद्धि का नया मॉडल बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) के तहत देश के 100 चयनित जिलों में सीधी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के बाद जिले की कार्यशैली और कृषि विकास मॉडल की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है।
योजना की समीक्षा के लिए आयोजित वर्चुअल बैठक में नियुक्त नोडल अधिकारी आईएएस किरण गोपाल ने सीधी जिले के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बेहतर टीमवर्क, नवाचार और दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे और प्रत्येक गतिविधि परिणाम आधारित हो।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने बैठक में बताया कि जिले में कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई जा रही है। महिला किसानों को खेती, पशुपालन, प्रसंस्करण और विपणन गतिविधियों से
जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए मिल्क रूट विकास योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
प्रशासन की योजना स्थानीय उत्पादों जैसे कटहल, महुआ और अन्य कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग को बढ़ावा देने की है। इससे किसानों को बेहतर बाजार और अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
जिले में प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि विश्वविद्यालयों से समन्वय पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत अगले छह वर्षों में प्रतिवर्ष 24 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, फसल विविधीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।
अधिकारियों का विश्वास है कि आने वाले समय में सीधी जिला कृषि विकास, महिला सशक्तिकरण और किसान समृद्धि के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक मिसाल बनकर उभरेगा।

Post a Comment