सीधी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, तहसील कार्यालय का चपरासी ₹3,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के सीधी जिले की गोपद बनास तहसील में लोकायुक्त रीवा की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। तहसील कार्यालय में पदस्थ चपरासी दामोदर प्रसाद साकेत को ₹3,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खजुरी निवासी एक व्यक्ति ने जमीन के नामांतरण और वारिसाना से जुड़े कार्य के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि काम कराने के बदले लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त रीवा से शिकायत की।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹3,000 लिए, टीम ने उसे तहसील कार्यालय के बाहर रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment