भूसे के नीचे छिपा मिला 87 किलो गांजा, रीवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई; दो आरोपी गिरफ्तार
रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 87 किलो गांजा बरामद किया है। यह गांजा एक मकान में भूसे के नीचे छिपाकर रखा गया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश और जांच जारी है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खारा के जोरी टोला स्थित एक मकान में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भूसे के नीचे छिपाकर रखा गया करीब 87 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस मामले में शंकर लाल कोल और पुनीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पनवार थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment