सिंगरौली पंजीयन विभाग का नया रिकॉर्ड: तीन महीने में 90 करोड़ का राजस्व, वार्षिक लक्ष्य का 60% हासिल
सिंगरौली जिले में कलेक्टर गौरव बेनल के मार्गदर्शन और लगातार की गई समीक्षा का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में पंजीयन विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।
इसके साथ ही विभाग ने 152 करोड़ रुपये के वार्षिक राजस्व लक्ष्य का लगभग 60 प्रतिशत मात्र तीन माह में ही हासिल कर लिया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस अवधि में 3,500 से अधिक भूमि एवं भवनों की रजिस्ट्रियां संपन्न हुईं, जिससे राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अधिकारियों का कहना है कि नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी कार्यप्रणाली और विभागीय समन्वय के चलते यह उपलब्धि संभव हो सकी।
पंजीयन विभाग में संपदा 2.0 प्रणाली लागू होने के बाद रजिस्ट्री प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी और तेज हो गई है।
अब नागरिकों को रजिस्ट्री की प्रमाणित डिजिटल प्रति सीधे उनके मोबाइल पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
कलेक्टर गौरव बेनल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व संग्रह के साथ-साथ आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्धारित राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करना है।

Post a Comment