भक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता के साथ सिंधु समाज ने लिया ऐतिहासिक संकल्प
रीवा।
कैलेंडर नववर्ष 2026 के शुभ आगमन के साथ ही रीवा के सिंधु समाज ने आस्था, सनातन संस्कार और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण एक प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक संकल्प लिया है। इस संकल्प के अंतर्गत अब सिंधु समाज के प्रत्येक फोर व्हीलर वाहन में समाज के इष्टदेव, वरुण अवतार भगवान श्री झूलेलाल जी की दिव्य एवं आशीर्वाद प्रदान करती संगमरमर की प्रतिमा विराजमान की जाएगी।
यह पहल केवल प्रतिमा स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, सकारात्मक ऊर्जा, सुरक्षित यात्रा और पारिवारिक मंगलकामनाओं का प्रतीक बनेगी। समाज का विश्वास है कि प्रभु श्री झूलेलाल जी की कृपा से प्रत्येक यात्रा मंगलमय होगी और परिवारों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भाव का संचार होगा।
जनवरी से चेटीचंड 19 मार्च 2026 तक चलेगा वितरण अभियान
सिंधु समाज रीवा द्वारा कैलेंडर नववर्ष के अवसर पर यह अनमोल सेवा जनवरी माह से प्रारंभ होकर हिंदू नववर्ष चेटीचंड (19 मार्च 2026) तक निरंतर संचालित की जाएगी। इसके माध्यम से समाज के अधिक से अधिक परिवारों को इस पुण्य संकल्प से जोड़ा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी इसी सेवादार टीम द्वारा भगवान श्री झूलेलाल जी की तस्वीरें घर-घर वितरित की जा चुकी हैं। अब इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक फोर व्हीलर में इष्टदेव की प्रतिमा विराजमान कराने का संकल्प लिया गया है।
सिंधु भवन से हुआ शुभारंभ
इस पावन कार्यक्रम का शुभारंभ आज सिंधु भवन, रीवा स्थित श्री झूलेलाल धाम से किया गया। पुज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष श्री प्रहलाद सिंह जी एवं झूलेलाल धाम के संरक्षक श्री लधाराम ठारवानी जी के सान्निध्य में सेवादार टीम के सदस्यों ने सिंधु समाज के वाहनों में भगवान श्री झूलेलाल जी की संगमरमर प्रतिमाएं विधिवत रूप से विराजमान कराईं।
सेवादार टीम बनी इस पुण्य कार्य की आधारशिला
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में सेवादार टीम के सदस्य श्री हरीश पंजवानी, श्री अशोक टेकवानी, श्री कैलाश बजाज, श्री चंद्र कुमार जेठवानी, श्री राजेश सोनेता ‘खन्ना भैय्या’, श्री शोभराज वाधवानी एवं श्री राजकुमार टिलवानी की विशेष भूमिका रही।
गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में सिंधु समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर इस संकल्प को मजबूती प्रदान की। प्रमुख रूप से श्री सुशील कुगंवानी, श्री घनश्याम कुलचंदानी, श्री विनोद डोडवानी, श्री रामकुमार नारवानी, श्री गुलाब साहनी, श्री पप्पन पंजवानी, श्री यश आसनानी, श्री श्याम ग्वालानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
युवाओं के लिए बनेगी प्रेरणास्रोत पहल
सिंधु समाज रीवा की यह अनूठी पहल न केवल सनातन धर्म के प्रति आस्था को सुदृढ़ करती है, बल्कि समाज के युवाओं को संस्कार, सेवा, सुरक्षा और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देते हुए एक प्रेरणास्रोत के रूप में भी सामने आएगी।
सेवादार टीम की अपील
सेवादार टीम ने बताया कि यह सेवा मार्च 2026 तक निरंतर जारी रहेगी। सिंधु समाज के सभी स्वजनों से अपील की गई है कि जो परिवार इस पुण्य कार्य का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे अपना नाम व्हाट्सएप के माध्यम से सेवादार टीम को भेजें, ताकि आगामी चरण में उनके फोर व्हीलर में भी भगवान श्री झूलेलाल जी की प्रतिमा विधिवत रूप से विराजमान कराई जा सके।




Post a Comment