आगरा में सनसनी: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, पेंशन के पैसों ने खोला राज
प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर पति को खीर में 16 से 20 नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। इसके बाद उसकी मौत होने पर शव को घसीटकर बाथरूम में ले जाया गया।
आरोप है कि बाथरूम की फर्श खोदकर इंडियन सीट के पास शव को दफनाया गया और ऊपर से मिट्टी, गिट्टी डालकर प्लास्टर करा दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला बाद में उसी बाथरूम का इस्तेमाल भी करती रही और आसपास के लोगों के सामने पति के गायब होने पर रोने का नाटक करती रही।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के बड़े भाई को संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई और बैंक खाते का विवरण निकलवाया। जांच में सामने आया कि पति के लापता होने के बाद भी उसकी पेंशन की राशि खर्च की जा रही थी।
लगातार पूछताछ के बाद महिला कथित तौर पर टूट गई और शुक्रवार को पूरी घटना स्वीकार कर ली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment