राम मंदिर दान चोरी मामले पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का नया बयान: बोले- 'जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या छोड़ेंगे'
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दान पात्र से कथित चोरी के मामले को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक और बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उनसे लगातार सवाल किए जा रहे हैं कि वे इस मुद्दे पर मौन क्यों हैं।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कुछ लोग यह प्रचार कर रहे हैं कि वे इस विषय पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा, "जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या छोड़ेंगे। अक्सर बड़े लोग बच जाते हैं और छोटे फंस जाते हैं।
उन्होंने उन सवालों का भी जवाब दिया, जिनमें उनसे पूछा जा रहा था कि उन्होंने अपनी चर्चित 'पर्ची' के जरिए आरोपियों के नाम क्यों नहीं बताए। इस पर उन्होंने कहा, "अगर हमने नाम बता दिया तो वे हमें ही निपटा देंगे।
आज नहीं तो कल निपटा देंगे। फिर हम दूसरों के नाम भी नहीं बता पाएंगे। इसलिए चुप रहने में ही भलाई है।"गौरतलब है कि इससे पहले भी आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राम मंदिर में दान चोरी के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
उन्होंने कहा था कि भगवान के घर में चोरी जैसा कृत्य करने वालों को कठोर दंड मिलना चाहिए। साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा संत परंपरा से जुड़े लोगों की भूमिका बढ़ाने का सुझाव भी दिया था।
फिलहाल, दान पात्र से कथित चोरी के मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी है और पूरे घटनाक्रम पर देशभर की नजर बनी हुई है।

Post a Comment