बेंगलुरु ग्रेनाइट खदान में बड़ा हादसा: 40 फीट ऊंचाई से गिरी चट्टान, अनूपपुर के 5 मजदूरों समेत 7 की मौत
कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित एक ग्रेनाइट खदान में हुए भीषण हादसे में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के 5 मजदूरों समेत कुल 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब करीब 40 फीट ऊंचाई से एक विशाल चट्टान अचानक मजदूरों पर आ गिरी।
दुर्घटना में 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कई मजदूरों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। मृतकों में एक मजदूर छत्तीसगढ़ और एक कर्नाटक के यादगीर जिले का निवासी भी शामिल है।
घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, खदान प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मध्य प्रदेश के श्रम मंत्री प्रह्लाद पटेल ने बताया कि हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। राज्य का श्रम विभाग कर्नाटक प्रशासन के लगातार संपर्क में है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।

Post a Comment