सिंगरौली में लव ट्रायंगल का हाई-वोल्टेज ड्रामा: पूर्व और वर्तमान बॉयफ्रेंड के बीच युवती को लेकर सड़क पर मारपीट, वीडियो वायरल
सिंगरौली जिले के बैढ़न में एक युवती, उसके पूर्व और वर्तमान बॉयफ्रेंड के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना बैढ़न स्थित विशाल मेगा मार्ट के बाहर की बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे युवती अपने वर्तमान बॉयफ्रेंड के साथ खरीदारी करने विशाल मेगा मार्ट पहुंची थी। इसी दौरान उसका पूर्व बॉयफ्रेंड भी मौके पर पहुंच गया। दोनों को साथ देखकर उसने आपत्ति जताई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान युवती और दोनों युवकों के बीच चप्पल, जूते, लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत दर्ज होती है, तो तथ्यों और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment