सिरमौर विधायक ने CM योगी से की मुलाकात, यूपी-मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली सड़क और मंदिरों के संरक्षण की उठाई मांग
मध्य प्रदेश के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के विकास और उत्तर प्रदेश से बेहतर संपर्क को लेकर क्षेत्रीय विधायक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में क्षेत्र के सड़क नेटवर्क, व्यापारिक गतिविधियों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख रूप से रखे गए।
विधायक ने डभौरा क्षेत्र से व्यापार और आवागमन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मानिकपुर–मऊ गढ़ी–सिगमा–कंदैला–कोटा मार्ग (उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र) के निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
उनका कहना था कि इस सड़क के निर्माण से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
बैठक के दौरान विधायक ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित लक्ष्मण बाग संस्थान (ट्रस्ट) के मंदिरों के संरक्षण और नियमित रखरखाव का मुद्दा भी उठाया।
साथ ही उन्होंने प्रयागराज के दारागंज स्थित रानी मंदिर को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अनुरोध करते हुए मंदिर परिसर के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। माना जा रहा है कि इन प्रस्तावों पर आगे की प्रक्रिया पूरी होने से क्षेत्र के विकास और धार्मिक स्थलों के संरक्षण को नई दिशा मिल सकती है।

Post a Comment