सीधी में 20 लाख का पुल पहली बारिश में क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने निर्माण गुणवत्ता पर उठाए सवाल
सीधी जिले के कुसमी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत गुडुआधार में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ठड़ीपाथर से बरगढ़ी जाने वाले मार्ग पर लगभग 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग उठ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल का निर्माण करीब एक माह पहले ही हुआ था, लेकिन पहली बारिश में ही पुल क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण लगभग 600 ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं, करीब 80 स्कूली बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के चलते मार्ग फिसलन भरा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल बस गांव के अंदर तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे अभिभावकों को बच्चों को पैदल मुख्य सड़क तक छोड़ना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Post a Comment