⚡ ब्रेकिंग News

उज्जैन में दर्दनाक हादसा: पुलिया पार करते समय बह गए पंचायत सहायक सचिव, 36 घंटे बाद चंबल नदी से मिला शव

उज्जैन में दर्दनाक हादसा: पुलिया पार करते समय बह गए पंचायत सहायक सचिव, 36 घंटे बाद चंबल नदी से मिला शव


मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गावड़ी लोधा में उफनती पुलिया पार करते समय तेज बहाव में बह गए ग्राम पंचायत सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगिरा (35) का शव करीब 36 घंटे बाद चंबल नदी से बरामद किया गया। 

उनका शव घटनास्थल से लगभग 4.5 किलोमीटर दूर मिला। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम सूर्य प्रताप सिंह अपने एक साथी के साथ उज्जैन से गांव लौट रहे थे। गावड़ी लोधा के पास पुरानी पुलिया पर पानी का तेज बहाव था।

उनके साथी ने खतरे को देखते हुए बाइक से उतरने का फैसला किया, लेकिन सूर्य प्रताप सिंह ने बाइक निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव उन्हें बाइक सहित बहाकर ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शुक्रवार को पूरे दिन ग्रामीणों की मदद से कई किलोमीटर तक तलाश अभियान चलाया गया। इस दौरान बाइक तो बरामद हो गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

शनिवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान में मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से व्यापक सर्चिंग की गई। सुबह करीब 10 बजे चंबल नदी से उनका शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उफनते नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...