दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी कर्मचारियों की 'वर्क फ्रॉम होम' व्यवस्था खत्म
दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू की गई 'वर्क फ्रॉम होम' (Work From Home) व्यवस्था को समाप्त करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस संबंध में जारी आदेश को वापस लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब सभी सरकारी कर्मचारियों को पूर्व व्यवस्था के अनुसार नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य करना होगा।
गौरतलब है कि 14 मई 2026 से दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन (बुधवार और शनिवार) घर से काम करने की सुविधा दी थी। इस व्यवस्था के तहत कर्मचारी निर्धारित दिनों में कार्यालय आने के बजाय अपने घर से सरकारी कार्य कर सकते थे।
सरकार के नए निर्णय के बाद यह सुविधा समाप्त कर दी गई है। संबंधित सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहे हैं, ताकि कर्मचारी अब नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
सरकार का मानना है कि कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति से विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय और प्रशासनिक कार्यों की गति में सुधार होगा। इस फैसले के बाद दिल्ली सरकार के कर्मचारियों की कार्य प्रणाली में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा।

Post a Comment